Haryana Heatwave Alert: Rohtak Hits 44.6°C, Rain Expected from Tomorrow
Haryana faces an intense heatwave as Rohtak records 44.6°C. IMD issues an alert across districts, while rain and thunderstorms are expected from tomorrow.
हरियाणा में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को तापमान में तेज उछाल दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक है। राज्य के कई हिस्सों में ‘हीटवेव’ जैसे हालात बने हुए हैं।
प्रदेश के 12 से अधिक शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें सिरसा (43.4°C), फरीदाबाद (43.5°C), हिसार (42.9°C) और नारनौल (42.8°C) प्रमुख हैं। औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा चल रहा है। मौसम विभाग ने अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल समेत कई जिलों में लू और गर्म रातों को लेकर अलर्ट जारी किया है।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गेहूं और जौ की पकी फसल की कटाई और थ्रेसिंग जल्द पूरी कर सुरक्षित भंडारण करने को कहा गया है। साथ ही अगले 3–4 दिनों तक कपास, मूंग, उड़द और सूरजमुखी की बुवाई टालने की सलाह दी गई है। सब्जियों जैसे भिंडी, लौकी और खीरा की बुवाई भी फिलहाल रोकने को कहा गया है। मौसम में बदलाव के कारण किसानों को अगले कुछ दिनों तक कीटनाशकों का छिड़काव न करने की भी सलाह दी गई है।
पशुपालकों को भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पशुओं को तेज गर्मी और लू से बचाने के लिए छायादार और हवादार स्थान पर रखें तथा उन्हें पर्याप्त मात्रा में साफ पानी उपलब्ध कराएं, ताकि वे हीट स्ट्रेस से सुरक्षित रह सकें।
बारिश के आसार
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य में 29 अप्रैल तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। 25 अप्रैल की रात एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से 26 अप्रैल रात से 29 अप्रैल के बीच आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं।
Ellofacts